--:--

बांकीमोंगरा: सुराकछार खदान में कॉपर केबल चोरी की कोशिश, सुरक्षा गार्डों ने 10 संदिग्धों को पकड़कर कमरे में किया बंद, सभी पुलिस के कब्जे में।

0
IMG-20260914-WA0003.jpg

30-40 मीटर कॉपर केबल लेकर भागने की कोशिश का आरोप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 10 लोगों को हिरासत में लिया; कुछ आरोपी फरार।
कोरबा/बांकीमोंगरा: बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सुराकछार खदान क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। 14 सितंबर 2026 को थाना बांकीमोंगरा में दर्ज शिकायत के अनुसार करीब 10 से 15 लोग खदान के मुहाने से अंदर दाखिल हुए और सुरक्षा गार्डों के साथ कथित रूप से मारपीट करने लगे।
गार्डों ने स्थिति का सामना करते हुए काफी मशक्कत के बाद मौके पर मौजूद 10 लोगों को पकड़ लिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। वहीं, कुछ लोग मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल बताए जा रहे हैं।
30-40 मीटर कॉपर केबल ले जाने का आरोप?
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों द्वारा करीब 30 से 40 मीटर कॉपर केबल ले जाने की कोशिश की जा रही थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है। सुरक्षा कर्मियों द्वारा केबल को बरामद कर जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस?
घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा प्रभारी अरविंद कुमार द्वारा बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यम साहू ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और उनके निर्देश पर पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पकड़े गए 10 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पकड़े गए 10 में 7 नाबालिग बताए जा रहे?
पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए कुल 10 लोगों में से 7 नाबालिग बताए जा रहे हैं। शिकायत में सामने आए आरोपियों में—
गौरव सिंह, निवासी कुचेना
सुनील तंवर, निवासी कुचेना
सुमित, निवासी मड़वाढोड़ा
के नाम सामने आए हैं। शेष लोगों की पहचान एवं उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।


कुछ आरोपी फरार, कथित सरगना की भूमिका पर भी सवाल?
पूरे मामले में कुछ लोगों के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि चोरी की कथित योजना किसने बनाई थी और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
स्थानीय स्तर पर भी यह सवाल उठ रहा है कि यदि खदान क्षेत्र में इतने लोगों का समूह पहुंचा, तो इसके पीछे किसी संगठित योजना या गिरोह की भूमिका थी या नहीं। हालांकि, इस संबंध में अंतिम स्थिति पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इन धाराओं में मामला दर्ज?
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 179/26 के तहत BNS की धारा 296, 115(2), 351(3), 331(4) और 310(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश और मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed