--:--

अवकाश के दिनों में भी नागरिक सुविधाएं बहाल रखने की मांग, बांकीमोंगरा ( वार्ड क्रमांक 13 ) पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन।

0
IMG-20260731-WA0001.jpg

कोरबा/बांकीमोंगरा:- नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने नगर पालिका क्षेत्र में रविवार एवं अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी आवश्यक नागरिक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अवकाश के दिनों में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट खराब होने सहित अन्य नागरिक समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हो पाता, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने के कारण शिकायतों का समाधान लंबित रह जाता है।
पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने मांग की है कि रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी पूर्व निर्धारित की जाए तथा इसकी सार्वजनिक जानकारी जारी की जाए। साथ ही यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अवकाश पर हो तो उसके स्थान पर वैकल्पिक अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि नागरिक सुविधाएं प्रभावित न हों।
उन्होंने यह भी मांग की कि आपातकालीन शिकायतों के लिए जिम्मेदार अधिकारी का मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाए, प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में किसी भी नागरिक को आवश्यक सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पार्षद ने अपने ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री, कटघोरा विधायक, कलेक्टर कोरबा, एसडीएम कटघोरा तथा नगर पालिका अध्यक्ष बांकीमोंगरा को भी प्रेषित की है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका की जिम्मेदारी केवल कार्यदिवसों तक सीमित नहीं है, बल्कि अवकाश के दिनों में भी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed