कोरबा के रूमगरा के पास भीषण सड़क हादसा, बांकीमोंगरा के तेलसरा निवासी राजा यादव की मौत; एक युवक घायल।
छत्तीसगढ़/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को अजगरबहार क्षेत्र के रूमगरा के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम तेलसरा निवासी राजा यादव उर्फ गोलू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद बलराम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलसरा निवासी राजा यादव (गोलू), पिता स्वर्गीय रुपसाय यादव, अपने साथी बलराम चौहान के साथ रानी झरना से पिकनिक मनाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रूमगरा के समीप ट्रेलर क्रमांक CG-04-PB-8803 की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में राजा यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलराम चौहान घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल, मामले में बालको पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
