--:--

बांकीमोगरा में चोरों का आतंक: दीप्ति मोबाइल शॉप में दूसरी बार चोरी, 50-60 हजार का सामान पार।

0
IMG-20261014-WA0003.jpg

चित्रकांत पंथ कटघोरा विधानसभा रिपोर्टर!

छत का पैराफिट तोड़कर दुकान में घुसे चोर, डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा और डीवीआर की हार्ड डिस्क समेत अन्य सामान ले उड़े; पुलिस ने दर्ज किया मामला।

कोरबा/बांकीमोगरा। कोरबा जिले के बांकीमोगरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया है। चोर दुकान की छत का पैराफिट तोड़कर अंदर घुसे और डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा, डीवीआर की हार्ड डिस्क समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक, तब हुआ चोरी का खुलासा!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नंबर निवासी दुकान संचालक सरवन साहू बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दुकान की छत के ऊपरी हिस्से में लगा टीन खुला हुआ था। संदेह होने पर जब उन्होंने दुकान के अंदर जाकर जांच की, तो कई सामान गायब मिले। इसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

चोर दुकान से डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा, डीवीआर की हार्ड डिस्क सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। संचालक के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 50 से 60 हजार रुपये है।

एक ही दुकान में दूसरी बार चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!

बताया जा रहा है कि दीप्ति मोबाइल शॉप में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। पिछली वारदात में चोरों का पता नहीं चल पाने की बात सामने आई थी। अब दोबारा उसी दुकान को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच दुकानों की सुरक्षा और रात्रिकालीन पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

घटनास्थल पर हंसिया और एल-नुमा लोहे का एक औजार छोड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात के दौरान इन औजारों का इस्तेमाल किया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, अज्ञात चोरों की तलाश जारी!

घटना की सूचना मिलने के बाद बांकीमोगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। दुकान संचालक की शिकायत पर थाना में अपराध क्रमांक 211/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की गई है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है। वहीं, जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का आश्वासन दिए जाने की बात भी सामने आई है।

अब देखना होगा कि बांकीमोगरा पुलिस इस बार चोरी की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों तक कब पहुंचती है और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed