बांकीमोंगरा में निविदा के बाद भी अटका BT सड़क निर्माण कार्य, पार्षद अश्वनी मिश्रा ने उठाई कार्यादेश जारी करने की मांग।
कोरबा/बांकीमोंगरा; नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार-1 के पार्षद एवं राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति अश्वनी कुमार मिश्रा ने नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत BT सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर निविदा उपरांत चयनित ठेकेदार को शीघ्र कार्यादेश जारी करने का आग्रह किया है।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा BT सड़क निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ठेकेदार का चयन किया जा चुका है, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद कार्यादेश जारी नहीं किया गया है। इसके कारण स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में लंबित एवं स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना आवश्यक है। ऐसे में संबंधित ठेकेदार को नियमानुसार शीघ्र कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ कराने की कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को सड़क निर्माण का लाभ मिल सके।
पार्षद ने नगर पालिका क्षेत्र में निविदा उपरांत स्वीकृत BT सड़क निर्माण कार्य का कार्यादेश जल्द से जल्द जारी करने की मांग करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया है।
पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर कोरबा, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष तथा अभियंता प्रभारी को भी प्रेषित की गई है।
पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा का कहना है कि सड़क निर्माण जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नियमानुसार जल्द कार्य शुरू कराया जाना चाहिए।

