--:--

गजरा में गरबा महोत्सव का भव्य समापन, विधायक प्रेमचंद पटेल और पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित।

0
IMG-20261019-WA0010.jpg

नौ दिनों तक गूंजा गरबा-डांडिया का उत्साह, मां नवदुर्गा की पूजा-अर्चना कर अतिथियों ने की क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना!

बांकीमोंगरा ( कोरबा  ) शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र में नौ दिनों तक गरबा और डांडिया की धूम रही। इसी कड़ी में कोरबा जिले के बांकीमोंगरा अंतर्गत गजरा दशहरा मैदान में आयोजित गरबा महोत्सव का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा गजरा में विराजित मां नवदुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर की गई। सभी ने माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इसके पश्चात अतिथियों ने गरबा महोत्सव में सहभागिता की और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

बच्चों, महिलाओं और समितियों को किया गया सम्मानित!

गरबा महोत्सव के समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा द्वारा महोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले बच्चों, महिलाओं एवं आयोजन से जुड़ी समितियों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक प्रेमचंद पटेल, कार्यक्रम अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा एवं अन्य अतिथियों के हाथों प्रतिभागियों को सम्मान प्रदान किया गया।

नौ दिनों तक चले इस आयोजन में गरबा और डांडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भक्ति, संस्कृति और उत्साह का परिचय दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने महोत्सव को आकर्षक बनाया। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान की।

मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि शारदीय नवरात्रि हमारी आस्था, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। गरबा और डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजनों में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी देखकर प्रसन्नता होती है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए क्षेत्रवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति की उपासना, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। गजरा में नौ दिनों तक आयोजित गरबा महोत्सव में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाया है। ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों, आयोजन समिति के सदस्यों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने मां नवदुर्गा से सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

समापन समारोह में समिति के संरक्षक एवं भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, श्रीमती प्रमिला सायतोड़े, पार्षद रंभा हेम सिंह कंवर सहित आसपास के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। गरबा महोत्सव का समापन भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। नौ दिनों तक चले इस आयोजन ने गजरा सहित आसपास के क्षेत्रों में नवरात्रि की खुशियों को और भी खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed