--:--

भदरापारा में महिला स्व सहायता समूह की पहल, शांतिपूर्ण ढंग से नशा मुक्ति अभियान चलाने कलेक्टर से मांगा सहयोग और मार्गदर्शन।

0
IMG_20261103_124356

गौतम कुमार संवाददाता उरगा!

नशे के खिलाफ महिलाओं ने छेड़ी मुहिम, शराब-गांजा से दूर रहने ग्रामीणों को करेंगी जागरूक।


कोरबा। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और इसके दुष्परिणामों को देखते हुए अब ग्रामीण महिलाएं भी जागरूकता की मुहिम में आगे आने लगी हैं। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बतरा के आश्रित ग्राम भदरापारा में महिला स्व सहायता समूह की सदस्यों ने नशे के खिलाफ अभियान चलाने की पहल की है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

महिला स्व सहायता समूह की सदस्यों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपकर नशा मुक्ति अभियान संचालित करने की जानकारी दी है। आवेदन में बताया गया है कि समूह द्वारा सामाजिक जागरूकता एवं जनहित के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। अभियान के तहत ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

महिलाओं का उद्देश्य गांव में स्वस्थ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण पारिवारिक एवं सामाजिक वातावरण तैयार करना है। उनका मानना है कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

महिला समूह ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि अभियान को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, ताकि यह मुहिम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।

इस आवेदन की प्रतिलिपि सहायक आयुक्त, आबकारी विभाग कोरबा तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली को भी प्रेषित की गई है। ग्रामीण महिलाओं की इस पहल को गांव में नशामुक्त और स्वस्थ समाज की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed