घुड़देवा मुक्तिधाम का बदहाल, अव्यवस्थाओं से परेशान लोग, पार्षदों ने सीएमओ और अध्यक्ष से की जीर्णोद्धार की अपील।
छत्तीसगढ़ /कोरबा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के घुड़देवा वार्ड क्रमांक 16 और 17 के बीच स्थित मुक्तिधाम अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। अंतिम संस्कार के लिए पहुँचने वाले आम नागरिकों को यहाँ मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धूप-बारिश से बचने का आसरा नहीं, बैठने की भी व्यवस्था गायब।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, इस मुक्तिधाम में अंतिम क्रियाकर्म के लिए आने वाले लोगों के लिए कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं है। यहाँ न तो बैठने के लिए उचित शेड की व्यवस्था है और न ही धूप-बारिश से बचने का कोई साधन। इसके चलते शवयात्रा में शामिल होने वाले लोगों को मौसम की मार झेलनी पड़ती है और घंटों खुले आसमान के नीचे परेशान होना पड़ता है।
कई बार आवेदन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
वार्ड पार्षद श्रीमती रुबी गुप्ता और ओम प्रकाश कैवर्त का कहना है कि इस समस्या के निदान के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं।
पार्षद श्रीमती रूबी गुप्ता और ओम प्रकाश केवर्त ने बताया कि उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को कई बार लिखित आवेदन देकर इस विकट समस्या से अवगत कराया है।
पूर्व पार्षद पवन गुप्ता ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पालिका प्रशासन को बार-बार पत्र सौंपने के बाद भी आज तक इस दिशा में कोई सुधारात्मक कदम या निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
पालिका अध्यक्ष और सीएमओ से जीर्णोद्धार की गुहार
मुक्तिधाम की जर्जर हालत को देखते हुए पार्षद श्रीमती रूबी गुप्ता, ओम प्रकाश कैवर्त और पूर्व पार्षद पवन गुप्ता ने एक बार फिर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा से हाथ जोड़कर विशेष अपील की है। जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस बदहाल मुक्तिधाम की सुध ली जाए और जल्द से जल्द इसका जीर्णोद्धार कर जनसुविधाएं बहाल की जाएं।
