बांकीमोंगरा में जल संकट: 10 दिनों से बूंद-बूंद को तरस रहे लोग, कुछ क्षेत्रों में नदी-तालाबों के भरोसे रहने को मजबूर।
हिमांशु चौधरी कि रिपोर्ट:
छत्तीसगढ़ /कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र के कई वार्डों में इन दिनों पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। पिछले 10 दिनों से क्षेत्र में पानी की भारी समस्या के चलते स्थानीय निवासियों का हाल बेहाल है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि कुछ लोगों को दैनिक निस्तारी और पीने के पानी के लिए स्थानीय नदी और तालाबों का रुख करना पड़ रहा है।
सिर्फ 15 मिनट आ रहा पानी, दो वक्त की जगह एक वक्त भी किल्लत। आपको बता दें कि पहले क्षेत्र में दोनों समय (सुबह और शाम) पानी की सप्लाई होती थी, जिससे आम जनता को काफी राहत मिलती थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से केवल सुबह के वक्त ही टेप नल से पानी दिया जा रहा है, वह भी मात्र 15 मिनट के लिए। इतनी कम अवधि में लोगों के घर के बर्तन तक नहीं भर पा रहे हैं, जिसके कारण पूरा वार्ड पानी के लिए तरसने को मजबूर है।
इन वार्डों में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर!
जल संकट का सबसे बड़ा असर नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 01 (पुरेना , बाकी बस्ती)
वार्ड क्रमांक 02 (, 4 नंबर व बाकी 2 नंबर ) इन क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सुबह होते ही पानी के लिए आपाधापी की स्थिति निर्मित हो जाती है।
भयंकर गर्मी और उमस के इस मौसम में बुनियादी जरूरत ‘पानी’ के लिए जूझ रही जनता में अब प्रशासन और स्थानीय नेताओं के प्रति आक्रोश पनपने लगा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या विकराल रूप ले चुकी है, ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस ओर तुरंत ध्यान देने की सख्त जरूरत है।
क्षेत्र के नागरिकों ने मांग की है कि पानी की सप्लाई की अवधि को बढ़ाया जाए और जल्द से जल्द दोनों समय पर्याप्त दबाव के साथ पानी छोड़ा जाए, ताकि लोगों को इस भीषण समस्या से राहत मिल सके।
