भैसमा में सेवानिवृत्त तहसीलदार के.के. लहरे को भावभीनी विदाई, करमा नृत्य और भव्य स्वागत के बीच उमड़ा जनसैलाब।

कमलेश कुर्रे विधानसभा रिपोर्टर रामपुर:
छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के ग्राम भैसमा में सेवानिवृत्त तहसीलदार के.के. लहरे को आज भव्य स्वागत समारोह के साथ भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर गांव के ग्रामीणों, पटवारियों, अधिवक्ताओं, सरपंच, पंच तथा बाहर से आए अतिथियों ने श्री लहरे के सम्मान में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत तहसील कार्यालय से हुई, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक करमा नृत्य प्रस्तुत करते हुए ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा तहसील कार्यालय से होते हुए भैसमा के मुख्य मार्ग तक पहुंची, जहां जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने के.के. लहरे के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके सरल, मिलनसार और जनहितैषी स्वभाव की प्रशंसा की तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे तहसील परिसर और गांव में उल्लास एवं उत्सव का माहौल देखने को मिला। समारोह का समापन श्री लहरे को स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ।

