हर्राभांठा से शुक्लाखार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क पूरी तरह जर्जर, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी:- शत्रुहन पटेल।
छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के कटघोरा विकासखण्ड के ग्राम हर्राभांठा से शुक्लाखार (चांदनी चौक) प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क आज पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोज़ाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क का शीघ्र निरीक्षण कराकर मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
कटघोरा विधानसभा युवा कांग्रेस महासचिव शत्रुहन पटेल ने भाजपा सरकार को जमकर निशाना साधते हुए कहा डबल इंजन की सरकार में आम जनता सड़कों को लेकर भारी परेशान हैं, शुक्लाखार से बुंदेली मार्ग हो या हर्राभांठा से शुक्लाखार चांदनी चौक पहुंच मार्ग हो “प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी हुई है, सड़क पूरी तरह जर्जर हैं, जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं, प्रशासन तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके।
