नाथूलाल पांडेय की यूनियन में बड़ी टूट, सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थामा कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) का दामन।
रेशम लाल यादव और अख्तर जावेद उस्मानी के नेतृत्व में गेवरा में हुआ सदस्यता ग्रहण समारोह, विनय सिंह ने पहनाई सदस्यता माला।

छत्तीसगढ़/कोरबा एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मजदूर राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हिंद खदान मजदूर फेडरेशन कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान नाथूलाल पांडेय के नेतृत्व वाली यूनियन से जुड़े सैकड़ों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में दोपहर 12 बजे कोयला मजदूर सभा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें एसईसीएल के आठों क्षेत्रों से आए प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंद खदान मजदूर फेडरेशन रेशम लाल यादव, उप महामंत्री एवं कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड सदस्य अख्तर जावेद उस्मानी, तरुण राहा (दीपका क्षेत्र), एस.सी. मंसूरी (गेवरा), शिव नारायण मिश्र (सोहागपुर), ए. विश्वास (कोरबा), मिलन पांडेय (कुसमुंडा), बरत लाल खुटे, राकेश बेंजामिन, सीईडब्ल्यूएस गेवरा तथा एएसडी मानिकपुरी सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि नाथूलाल पांडेय के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और कार्यशैली से असंतुष्ट होकर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ विनय सिंह के नेतृत्व में संचालित कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) में शामिल होने का निर्णय लिया।
दोपहर 3 बजे केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह के आगमन पर आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में सभी नेताओं एवं उनके समर्थकों का माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) की सदस्यता दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनय सिंह ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय सचिव संजय सिंह, उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह तंवर, परवेज अजीजी, मनोज सिंह, बाबूलाल बारेठ, विमल दास महंत, रमेश उइके, सुरेश महिलंगे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने दावा किया कि एसईसीएल के इतिहास में किसी मान्यता प्राप्त यूनियन से इतनी बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक साथ दूसरी यूनियन में शामिल होना एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
