बांकीमोंगरा एल्डरमैन जितेंद्र सिंह ने मांगा 3 साल का विकास कार्यों का लेखा-जोखा, डेली मार्केट और सोमवारी बाजार की अव्यवस्था पर जताई नाराजगी।
कोरबा/बांकीमोंगरा:- नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में विकास कार्यों की धीमी गति और आम जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने जवाबदेही तय करने की मांग तेज कर दी है। नगर पालिका के एल्डरमैन जितेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अलग-अलग पत्र सौंपकर पिछले तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा मांगा है। इसके साथ ही डेली सब्जी मार्केट के लंबे समय से रुके निर्माण कार्य और मुख्य सड़कों पर लगने वाले सोमवारी बाजार के कारण उत्पन्न जाम की समस्या पर भी कड़ी नाराजगी जताई है।
तीन वर्षों के विकास कार्यों का मांगा पूरा ब्यौरा;
एल्डरमैन जितेंद्र कुमार सिंह ने नगर पालिका क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान स्वीकृत, पूर्ण और वर्तमान में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने वार्डवार एवं कार्यवार जानकारी उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और वित्तीय स्थिति का ब्यौरा तलब किया है।
पत्र में प्रत्येक कार्य की स्वीकृत राशि, टेंडर राशि, अब तक किए गए भुगतान और शेष राशि सहित अन्य वित्तीय एवं भौतिक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं, ऐसे कार्य जो वर्तमान में अधूरे, बंद या लंबे समय से लंबित हैं, उनकी अलग सूची तैयार कर उनके लंबित रहने के कारणों की जानकारी भी मांगी गई है।
करीब दो महीने से डेली सब्जी मार्केट का निर्माण अटका?
डेली सब्जी मार्केट को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से पुरानी संरचना को हटाकर नया निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका है। निर्माण अधूरा होने के कारण सब्जी व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आम नागरिकों को भी बाजार व्यवस्था के कारण असुविधा हो रही है।
एल्डरमैन ने नगर पालिका प्रशासन से निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने तथा कार्य पूरा करने के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की है। साथ ही निर्माण पूरा होने तक प्रभावित व्यापारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की बात कही है।
सोमवारी बाजार में मुख्य सड़क पर लग रही दुकानें, जाम से लोग परेशान
प्रत्येक सोमवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार की व्यवस्था को लेकर भी एल्डरमैन ने गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बाजार परिसर में पर्याप्त चबूतरे उपलब्ध होने के बावजूद कई दुकानदार मुख्य मार्ग और सड़कों पर दुकानें लगा रहे हैं। इससे सड़क पर अत्यधिक भीड़ के साथ जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
मुख्य मार्गों पर लगने वाले इस जाम से आम नागरिकों के आवागमन के साथ-साथ एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बाजार परिसर में उपलब्ध निर्धारित चबूतरों पर ही दुकानें लगवाने तथा मुख्य सड़कों पर दुकान लगाने वालों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
इसके अलावा बाजार के दिन पर्याप्त नगर पालिका कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और बाजार व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
सात दिवस में कार्रवाई प्रतिवेदन देने की मांग;
एल्डरमैन जितेंद्र कुमार सिंह ने इन सभी मामलों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण एवं आवश्यक विषय बताते हुए डेली मार्केट और सोमवारी बाजार की व्यवस्था को लेकर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन सात दिवस के भीतर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इन मांगों पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पिछले तीन वर्षों के विकास कार्यों से संबंधित मांगी गई जानकारी एल्डरमैन को कब तक उपलब्ध कराई जाती है।

