बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद द्वारा निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर।
साहिल महंत कि रिपोर्ट!

कोरबा/बांकीमोंगरा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्षद, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी एवं देशभक्त नागरिक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सोमवारी बाजार, बांकीमोंगरा से हुआ। इसके बाद यात्रा मुख्य चौक से होते हुए सुतर्रा मार्ग एवं सनसाइन क्षेत्र से होकर गजरा दशहरा मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय जवान-जय किसान” और “हर घर तिरंगा” जैसे देशभक्ति के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर नगरवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना देखने को मिली। तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति के जज्बे के साथ निकली यह तिरंगा यात्रा बांकीमोंगरा में आकर्षण का केंद्र रही।

