भेजीनारा में ग्रामीणों का आंदोलन जारी, प्रशासन और SECL की टीम मौके पर; झड़प के बाद भी रास्ते की मांग पर डटे ग्रामीण।
छत्तीसगढ़/कोरबा कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के भेजीनारा में ग्रामीणों के रास्ते से जुड़े मुद्दे को लेकर मंगलवार सुबह से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और SECL प्रबंधन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान भारी बारिश के बावजूद ग्रामीण अपनी मांग को लेकर मौके पर डटे रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर कटघोरा अनुविभागीय अधिकारी तुला राम भारद्वाज, तहसीलदार केसकर, नायब तहसीलदार अमरजीत अंचल, बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव तथा यातायात थाना प्रभारी तेज प्रताप यादव सहित पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
वहीं SECL प्रबंधन की ओर से ढेलवाडीह सब एरिया के एन.के. राय, कोरबा से महाप्रबंधक भू-राजस्व अजीत प्रताप सिंह, टीएमसी आउटसोर्सिंग के ठेकेदार आशीष पटेल एवं अजय पांडे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और SECL प्रबंधन की टीम भारी पुलिस बल के साथ आंदोलन को समाप्त कराने के लिए पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति भी बनी। हालांकि, ग्रामीण अभी भी अपने रास्ते की मांग को लेकर मौके पर डटे हुए हैं।
मौके की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। फिलहाल ग्रामीणों और प्रशासन के बीच स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
