--:--

जनहित के मुद्दों को लेकर बांकीमोंगरा में कांग्रेस का हल्लाबोल, केंद्र सरकार के खिलाफ किया गया जोरदार प्रदर्शन।

0
IMG-20260724-WA0000.jpg

साहिल महंत एवं अजीत कुमार कि रिपोर्ट:

छत्तीसगढ़/कोरबा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा द्वारा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्य चौक में जोरदार हल्लाबोल प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य, NEET पेपर लीक, किसानों की समस्याएं, राम मंदिर चंदा मामले में पारदर्शिता तथा जनहित से जुड़े अन्य विषयों को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए जवाबदेही की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के हितों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि आज देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है तथा महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं ब्लॉक बांकीमोंगरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद ने कहा कि यह प्रदर्शन जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनभावनाओं की अनदेखी कर रही है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, किसानों और गरीब वर्ग की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किए जाने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल, राजेश मानिकपुरी, अंतराम चौहान, परमानंद सिंह (पूर्व एल्डरमैन), पवन गुप्ता (पूर्व पार्षद), ओमप्रकाश (पार्षद), तालिका साहू ( पार्षद ) , यशपाल सिंह (मंडल अध्यक्ष), संतोषी चौहान (महिला मंडल अध्यक्ष), छत बाई (महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष), पूजा महंत, अशोक मिश्रा, बजरंग दास, लाल साहू, सत्यम आजाद, कुनाल आजाद, आकाश सिंह, रोहित भास्कर, निखिल आजाद सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जनहित के मुद्दों पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की तो कांग्रेस पार्टी आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed