बांकीमोंगरा के मुख्य चौक स्थित मां सिद्धिदात्री मंदिर बना आकर्षण का केंद्र, नवरात्रि में उमड़ रहे श्रद्धालु।
मातारानी के दर्शन और आरती में शामिल होने पहुंच रहे भक्त, मां सिद्धिदात्री उपहार योजना में मोटरसाइकिल सहित फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन समेत कई आकर्षक उपहार शामिल; नवमी पर होगा विशाल भंडारा।
कोरबा/बांकीमोंगरा। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। जगह-जगह मां दुर्गा की आराधना, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों की धूम मची हुई है। कहीं गरबा महोत्सव में श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं, तो कहीं जगराता, भजन-कीर्तन और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उपनगरीय क्षेत्र बांकीमोंगरा के मुख्य चौक स्थित प्रसिद्ध मां सिद्धिदात्री मंदिर परिसर इन दिनों आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मंदिर में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही भक्त माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। वहीं, शाम होते ही मंदिर परिसर में आरती के दौरान भक्तिमय माहौल देखते ही बनता है। बांकीमोंगरा सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर मां सिद्धिदात्री के चरणों में शीश नवाते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना करते हैं। मंदिर परिसर में सजे धार्मिक वातावरण और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।

मां सिद्धिदात्री उपहार योजना बनी आकर्षण।
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी मां सिद्धिदात्री मंदिर सेवा समिति एवं महिला समिति, बांकीमोंगरा द्वारा मां सिद्धिदात्री उपहार योजना आयोजित की गई है। इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक उपहार रखे गए हैं। इनमें प्रथम उपहार के रूप में नई मोटरसाइकिल के साथ फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, टीवी, पंखा, साउंड बॉक्स, मिक्सर सहित अन्य उपहार शामिल हैं।
समिति की इस पहल से श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। उपहार योजना के माध्यम से श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर 50 रुपये का दानपत्र (कूपन) प्राप्त कर सकते हैं और माता रानी का आशीर्वाद ले सकते हैं। धार्मिक आस्था के साथ आयोजित यह योजना नवरात्रि के उत्साह को और बढ़ा रही है।
20 अक्टूबर को होगा लकी ड्रॉ, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक उपहार
मां सिद्धिदात्री उपहार योजना का लकी ड्रॉ 20 अक्टूबर 2026, विजयादशमी के दिन रात्रि 9 बजे आयोजित किया जाएगा।

नवमी पर होगा विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद।
मां सिद्धिदात्री सेवा समिति द्वारा शारदीय नवरात्रि, चैत्र नवरात्रि सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवरात्रि की नवमी तिथि पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।
इस भंडारे में बांकीमोंगरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। समिति के इन धार्मिक एवं सेवा कार्यों से क्षेत्र में आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था को बढ़ावा मिल रहा है।
नवरात्रि के पावन अवसर पर मां सिद्धिदात्री मंदिर परिसर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और विभिन्न धार्मिक गतिविधियां बांकीमोंगरा की धार्मिक पहचान को और मजबूत कर रही हैं। माता रानी के जयकारों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है।

