--:--

पार्षद दिव्या कुर्रे की पहल लाई रंग, पैरालिसिस खुशी चौहान को मिली व्हीलचेयर; परिजनों ने जताया आभार।

0
IMG_20261014_230222.jpg

कोरबा/बांकीमोंगरा। जनसेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अन्तर्गत वार्ड क्रमांक 09, अंबेडकर नगर की पार्षद सुश्री दिव्या कुर्रे की पहल पर कई वर्षों से पैरालिसिस (लकवा) की स्थिति में जीवनयापन कर रही खुशी चौहान को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। व्हीलचेयर मिलने से खुशी और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। इस सराहनीय पहल के लिए परिजनों ने पार्षद दिव्या कुर्रे एवं उनके प्रतिनिधि दिलीप कुर्रे के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुशी चौहान, पिता राम कुमार चौहान, पिछले कई वर्षों से पैरालिसिस की समस्या से जूझ रही हैं। उनकी शारीरिक स्थिति ऐसी है कि उन्हें अपना अधिकांश समय बिस्तर पर ही बिताना पड़ता है। ऐसे में दैनिक जीवन में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

खुशी की परेशानी की जानकारी उनके परिजनों द्वारा वार्ड पार्षद तक पहुंचाई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुर्रे ने पहल की और कलेक्ट्रेट स्थित समाज कल्याण विभाग पहुंचकर खुशी चौहान के लिए व्हीलचेयर की मांग की। संबंधित अधिकारियों ने मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराया।

इसके बाद वार्ड पार्षद सुश्री दिव्या कुर्रे ने खुशी चौहान को व्हीलचेयर प्रदान किया। व्हीलचेयर मिलने पर खुशी के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी। इस सहायता से उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन के लिए सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खुशी और उनके परिजनों ने इस सहयोग के लिए पार्षद दिव्या कुर्रे एवं पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुर्रे का तहे दिल से धन्यवाद किया।

पेंशन दिलाने के लिए भी किया आश्वस्त!

व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के साथ ही पार्षद सुश्री दिव्या कुर्रे ने खुशी चौहान को पेंशन की सुविधा दिलाने के लिए भी प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने परिजनों से नगर पालिका में आवश्यक फॉर्म भरने की बात कही तथा आगे की प्रक्रिया में सहयोग करने की बात कही। इससे खुशी के परिवार को भविष्य में आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।

जनसेवा ही मेरी प्राथमिकता : दिव्या कुर्रे!

इस अवसर पर पार्षद सुश्री दिव्या कुर्रे ने कहा कि जनता ने उन्हें जनसेवा करने और वार्डवासियों की समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से अपना प्रतिनिधि चुना है। वह अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का प्रयास करती रहेंगी। जब तक वार्डवासी उन्हें अपना आशीर्वाद और प्रतिनिधित्व करने का अवसर देते रहेंगे, तब तक वह वार्ड एवं वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव खड़ी रहेंगी।

यह पहल दर्शाती है कि जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और समय पर की गई कोशिश जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। खुशी चौहान को व्हीलचेयर उपलब्ध कराना न केवल एक जरूरतमंद परिवार के लिए राहत का कार्य है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदना, सहयोग और जनसेवा की भावना को भी मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed