--:--

बांकीमोंगरा: शांतिनगर में दुर्गा पूजा बना आस्था का केंद्र, पंचमी और अष्टमी पर सजेगी भक्ति की महफिल; भव्य देवी जागरण का आयोजन।

0
IMG-20261015-WA0026.jpg

कोरबा/बांकीमोंगरा। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर चारों ओर माता रानी के जयकारे गूंज रहे हैं। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के बांकीमोंगरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 06 स्थित शांतिनगर में भी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। यहां दुर्गा पूजा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

सम्पूर्ण शांतिनगर दुर्गा पूजा समिति, बांकीमोंगरा द्वारा प्रतिदिन मां नवदुर्गा की आरती एवं पूजा-अर्चना की जा रही है। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का वितरण किया जाता है। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए शांतिनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।

वर्षों से चली आ रही है नवरात्रि की परंपरा!

समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से शारदीय नवरात्रि के अवसर पर हर्षोल्लास के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती रही है। इसके साथ ही नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य देवी जागरण का आयोजन भी किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आज पंचमी और अष्टमी पर होगा भव्य देवी जागरण!

नवरात्रि के अवसर पर आज 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को पंचमी के दिन रात्रि 8 बजे से छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छुरी निवासी भजन गायक मोहन दास द्वारा भव्य देवी जागरण की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान आकर्षक झांकियां भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।

वहीं, 18 अक्टूबर 2026, रविवार को अष्टमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक बिस्सू श्रीवास द्वारा विभिन्न आकर्षक झांकियों के साथ भव्य देवी जागरण प्रस्तुत किया जाएगा। दोनों ही कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

समिति ने श्रद्धालुओं से की अपील!

सम्पूर्ण शांतिनगर दुर्गा पूजा समिति, बांकीमोंगरा ने नगरवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देवी जागरण में शामिल होने की अपील की है। समिति ने भक्तों से मां दुर्गा के भजनों, आकर्षक झांकियों और भक्तिमय वातावरण का आनंद लेने के साथ माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर नवरात्रि पर्व को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *