--:--

बांकीमोंगरा सड़क हादसे में एक की मौत, परिजनों को मिली 50 हजार की सहायता राशि के बाद चक्काजाम समाप्त।

0
IMG-20261005-WA0006.jpg

कोरबा/बांकीमोंगरा: कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाकी 2 नंबर में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले चक्काजाम के बाद प्रशासन द्वारा सहायता राशि दिए जाने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर रात करीब 10:30 बजे आंदोलन समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG-04-JB-3963 ने एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG-12-AX-5655 में सवार दो लोगों में से तुलसीदास महंत, निवासी ग्राम रोहिना, थाना बांकीमोंगरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद कटघोरा से कोरबा रेफर किया गया है।
इसी हादसे में स्कूटी सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि घायल तीन व्यक्ति सेमीपाली व एक ग्राम रोहिना क्षेत्र के रहने वाले हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।


सहायता राशि मिलने के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम?
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। शाम करीब 6:30 बजे से शुरू हुआ चक्काजाम रात करीब 10:30 बजे तक जारी रहा। मौके पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार स्थिति संभालते रहे।
चक्काजाम के दौरान कटघोरा नायब तहसीलदार अमनदीप अंचल ने मृतक के परिजनों को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वहीं वाहन मालिक की ओर से भी 25 हजार रुपये दिए गए। इस तरह मृतक के परिजनों को कुल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिए जाने और सहायता राशि मिलने के बाद परिजन व ग्रामीण शांत हुए और करीब 10:30 बजे चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

चक्काजाम की स्थिति को देखते हुए दर्री सीएसपी, बांकीमोंगरा थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए स्थिति को संभाला। चक्काजाम समाप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क पर यातायात सुचारू कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

मृतक के परिजनों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और आसपास के लोग भी मौजूद रहे, जिनका सहयोग बना रहा।


वहीं मृतक के शव को एसईसीएल अस्पताल की शव मर्चुरी में रखा गया है। मंगलवार को आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना को लेकर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक को बांकीमोंगरा पुलिस अपने कब्जे में ले लिया है वहीं ट्रक चालक फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *