--:--

बांकीमोंगरा SBI की CDM मशीन में बार-बार फंस रही नकदी, सभापति अश्वनी मिश्रा ने उठाई आवाज।

0
IMG-20261016-WA0000.jpg

ATM कक्ष के सौंदर्यीकरण से पहले तकनीकी समस्या के स्थायी समाधान की मांग, बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक को लिखा पत्र।

कोरबा/बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की CDM मशीन में नकद राशि जमा करते समय बार-बार पैसे फंसने की समस्या को लेकर नगर पालिका के राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति तथा वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने आवाज उठाई है। उन्होंने इस संबंध में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर आम नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि CDM मशीन में बार-बार नकदी फंसने के कारण ग्राहकों को आर्थिक परेशानी के साथ मानसिक तनाव और अनावश्यक भागदौड़ का सामना करना पड़ता है। मशीन में जमा की गई राशि समय पर वापस नहीं मिलने से लोगों को बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनका समय भी बर्बाद होता है।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि एक ओर CDM मशीन में तकनीकी खराबी के कारण आम नागरिक परेशान हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ATM कक्ष के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में बैंक प्रबंधन को सबसे पहले मशीन की कार्यप्रणाली दुरुस्त करने और ग्राहकों की समस्याओं का निराकरण करने पर प्राथमिकता देनी चाहिए।

तकनीकी जांच और स्थायी समाधान की मांग!

पार्षद अश्वनी मिश्रा ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि CDM मशीन की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराई जाए। यदि मशीन बार-बार खराब हो रही है, तो उसके स्थान पर नई मशीन स्थापित करने पर भी विचार किया जाए। साथ ही, मशीन में फंसी ग्राहकों की राशि की समयबद्ध वापसी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी ही जमा राशि प्राप्त करने के लिए बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि बैंक में आने वाले ग्राहकों को बेहतर और निर्बाध सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। केवल ATM कक्ष का सौंदर्यीकरण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मशीनों का सुचारु संचालन और ग्राहकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

जनता की सुविधा को मिले प्राथमिकता!

अश्वनी कुमार मिश्रा ने बैंक प्रबंधन से आम नागरिकों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए CDM मशीन की समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनता को दिखावे से अधिक बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता है। बैंक प्रबंधन को सौंदर्यीकरण के साथ-साथ तकनीकी खामियों को दूर करने और ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed