--:--

बांकीमोंगरा के गजरा में मां सिद्धिदात्री जन कल्याण समिति ने कराया न्योता भोज, पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा हुईं शामिल।

0
IMG-20261016-WA0009.jpg

नशा मुक्ति अभियान के जरिए बच्चों को किया जागरूक, विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

कोरबा/बांकीमोंगरा! नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 11 गजरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला गजरा में मां सिद्धिदात्री जन कल्याण समिति, बांकीमोंगरा द्वारा न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद हेमंत साहनी एवं वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती प्रमिला सायतोड़े उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को न्योता भोज कराया गया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान चलाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया तथा विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, समिति के पदाधिकारियों एवं विद्यालय के सदस्यों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। न्योता भोज कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों एवं उनके परिजनों को भोजन वितरित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों के बीच आपसी सद्भाव, समानता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

नशा मुक्ति अभियान के तहत बच्चों को किया जागरूक!

कार्यक्रम के दौरान मां सिद्धिदात्री जन कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्ना लाल साहू ने नशा मुक्ति अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नशे से दूरी बनाना आवश्यक है। बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर!

मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि न्योता भोज जैसे कार्यक्रम बच्चों के साथ आत्मीयता बढ़ाने और उनमें सामाजिक समरसता की भावना विकसित करने का अच्छा माध्यम हैं। बच्चों के साथ सहभागिता करना, उन्हें प्रोत्साहित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के जीवन की मजबूत नींव है। प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय आकर मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने माता-पिता तथा शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने समिति द्वारा न्योता भोज, नशा मुक्ति अभियान और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

श्रीमती झा ने आगे कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता बनाए रखने, प्रकृति की रक्षा करने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की अपील की।

विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश!

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इसके माध्यम से बच्चों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। समिति की इस पहल में सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वार्ड पार्षद हेमंत साहनी एवं वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती प्रमिला सायतोड़े सहित मां सिद्धिदात्री जन कल्याण समिति साबित राम साहू, लीलाधर साहू, हरिशंकर दिवाकर,  पवन गुप्ता, कन्हैया घृतलहरे, श्रीमती महत्तरीन पटेल,शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमती राधा यादव, संस्था प्रधान श्रीमती अनुसूया बघेल, शिक्षक हीना झा, हरिहर साहू, बांकीमोंगरा के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के महत्व, नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस प्रकार का आयोजन विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed