बांकीमोंगरा में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी पर्व, गजरा में रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाद का हुआ दहन।
भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की झांकी ने मोहा मन, छत्तीसगढ़ी गायक विस्सू श्रीवास के भव्य जगराता में देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु।
बांकीमोंगरा ( कोरबा ) शारदीय नवरात्रि के समापन के बाद 20 अक्टूबर को विजयादशमी (दशहरा) का पर्व पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत गजरा में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
गजरा में आयोजित दशहरा उत्सव के दौरान डीजे की धुन और आतिशबाजी के बीच भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकी निकाली गई। झांकी ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात विशाल रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान पूरा दशहरा मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उत्सव देखने पहुंचे। आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयघोष से माहौल उत्सवी हो गया।
विस्सू श्रीवास के जगराता में देर रात तक झूमे श्रद्धालु।
दशहरा उत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक विस्सू श्रीवास का भव्य भक्तिमय जगराता आयोजित किया गया। आकर्षक झांकियों और भक्ति गीतों से सजे इस कार्यक्रम में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर रहे। जगराता के दौरान प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा और पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में शामिल कलाकारों का आयोजन समिति की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति के संरक्षक विकास झा एवं अन्य सदस्यों ने जगराता के सभी कलाकारों को चुनरी भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया गया।
उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ दशहरा उत्सव।
गजरा में आयोजित इस भव्य दशहरा उत्सव में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्साह का संगम देखने को मिला। रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतला दहन के साथ जहां बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया, वहीं भव्य झांकियों और जगराता ने आयोजन को यादगार बना दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शकों की मौजूदगी से गजरा का दशहरा उत्सव उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
