--:--

ब्रेकिंग न्यूज़: बांकीमोंगरा SECL अस्पताल में 25 वर्षीय विवाहिता की मौत, नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुआ शव पंचनामा।

0
IMG-20261106-WA0028

मायके ग्राम मादन से उपचार के लिए लाई गई थी विवाहिता, अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पुलिस को दी गई सूचना; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा।

बांकीमोंगरा/कोरबा। बांकीमोंगरा स्थित SECL अस्पताल में शुक्रवार शाम एक 25 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस द्वारा शव पंचनामा की कार्रवाई की गई। फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान कुसुम यादव (25 वर्ष), पिता ज्ञानीक राम, निवासी ग्राम मादन के रूप में हुई है। बताया गया है कि शुक्रवार शाम करीब 5:50 बजे उन्हें SECL अस्पताल बांकीमोंगरा लाया गया था। यहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा MLC (मेडिको लीगल केस) रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए बांकीमोंगरा थाना को सूचना भेजी गई।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कुसुम यादव का विवाह छिड़हूट निवासी शशि यादव के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के समय से ही उनकी तबीयत खराब चल रही थी। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते वह उपचार के लिए अपने मायके ग्राम मादन आ गई थीं, जहां उनका इलाज जारी था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नायब तहसीलदार कटघोरा अमरदीप अंचल की उपस्थिति में पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

फिलहाल इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। विवाहिता की मौत बीमारी अथवा किसी अन्य परिस्थिति के कारण हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

25 वर्षीय विवाहिता की असमय मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed