--:--

बांकीमोंगरा में पीडीएस राशन व्यवस्था पर उठे सवाल, कई माह से चना-शक्कर का वितरण बंद; उपभोक्ता परेशान।

0
IMG-20261115-WA0079

कहीं चावल की नियमित आपूर्ति नहीं तो कहीं चना-शक्कर का इंतजार, जनप्रतिनिधियों से व्यवस्था में सुधार कराने की मांग।

मिट्टी तेल के बाद अब चना और शक्कर भी राशन दुकानों से गायब, गरीब परिवारों की बढ़ी परेशानी।

बांकीमोंगरा; कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्र की कई राशन दुकानों में पिछले कई महीनों से चना और शक्कर का वितरण नहीं हो पा रहा है। इसके चलते राशनकार्ड धारकों को शासन की ओर से मिलने वाली इन जरूरी खाद्य सामग्रियों से वंचित रहना पड़ रहा है।

इस संबंध में राशन दुकान संचालकों का कहना है कि जब ऊपर से ही चना और शक्कर की आपूर्ति नहीं हो रही है, तो वे उपभोक्ताओं को वितरण कैसे करें। वहीं दूसरी ओर राशन लेने पहुंचने वाले हितग्राही दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि शासन की योजना के तहत मिलने वाली खाद्य सामग्री समय पर उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

वहीं क्षेत्र की राशन दुकानों में चावल वितरण की स्थिति भी एक जैसी नहीं है। कुछ दुकानों में उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पीडीएस चावल उपलब्ध हो रहा है, जबकि कुछ दुकानों में समय पर चावल नहीं पहुंचने के कारण राशनकार्ड धारकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर राशन नहीं मिलने से खासकर रोजी-मजदूरी करने वाले परिवारों को बार-बार दुकान पहुंचना पड़ता है।

गौरतलब है कि पहले से ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला मिट्टी तेल बंद हो चुका है। अब चना और शक्कर की अनियमित आपूर्ति ने उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ा दी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर राशन दुकानों में जरूरी खाद्य सामग्रियों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है?

क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने संबंधित खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की है। साथ ही राशन दुकानों में चावल, चना और शक्कर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की अपील की है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिल सके।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है और बांकीमोंगरा क्षेत्र के राशनकार्ड धारकों को कब नियमित रूप से राशन सामग्री उपलब्ध हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed