--:--

आस्था और श्रद्धा के संग बांकीमोंगरा में छठ महापर्व की धूम, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की छठी मैया की आराधना।

0
IMG-20261115-WA0076

सुमेधा नदी, कटाईनार डेम और घुड़देवा नदी के छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुमेधा पुल घाट पर हुई भव्य महागंगा आरती।

बांकीमोंगरा: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को कोरबा जिले सहित उपनगरीय क्षेत्र बांकीमोंगरा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। पारंपरिक विधि-विधान और पूरे भक्तिभाव के साथ व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना की।

बांकीमोंगरा क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों सुमेधा नदी, कटाईनार डेम एवं घुड़देवा नदी में सुबह से ही छठ पूजा की तैयारियां देखने को मिलीं। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों पर उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, फूल, गन्ना और सूप में सजाए गए प्रसाद के साथ जल में खड़े होकर भगवान सूर्यदेव की उपासना करती नजर आईं। जैसे ही सूर्यास्त का समय हुआ, पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा।

वहीं सुमेधा पुल स्थित छठ घाट पर विशेष रूप से भव्य महागंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आरती के दौरान दीपों की रोशनी और भक्तिमय माहौल ने घाट की सुंदरता को और भी आकर्षक बना दिया। इसके अलावा कटाईनार डेम एवं घुड़देवा नदी के छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की।

छठ महापर्व को लेकर सभी प्रमुख घाटों को आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगी लाइटों और पंडालों से सजाया गया था। जगह-जगह की गई आकर्षक आतिशबाजी ने पर्व की रौनक में चार चांद लगा दिए। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने भी घाटों पर पहुंचकर व्रतियों के साथ पूजा में सहभागिता निभाई और छठी मैया का आशीर्वाद लिया।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन!

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं एक बार फिर छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण कर महापर्व का विधिवत समापन होगा।

बांकीमोंगरा में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा, बांकीमोंगरा थाना प्रभारी व पुलिस प्रशासन तथा समाज के प्रमुखजनों और आयोजन से जुड़े लोगों का विशेष योगदान रहा। घाटों की व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत सजावट एवं सुरक्षा को लेकर किए गए प्रयासों से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिली।

आस्था, अनुशासन, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति का संदेश देने वाला छठ महापर्व एक बार फिर बांकीमोंगरा में आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द की सुंदर मिसाल पेश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed