--:--

कोरबा में आज सजेगी हास्य, व्यंग्य और गीतों की महफिल, देशभर के नामचीन कवि बांधेंगे समां।

0
IMG-20261118-WA0007

घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में शाम 7 बजे होगा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन करेंगे शुभारंभ।

‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर गूंजेंगे ठहाके, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की कविताएं!

कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य की तीखी धार, गीतों की मधुरता और श्रृंगार रस की खूबसूरत अभिव्यक्ति… कुछ ऐसा ही साहित्यिक नजारा आज कोरबा के घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में देखने को मिलेगा। साहित्य और कविता प्रेमियों के लिए अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का भव्य आयोजन 18 नवंबर, बुधवार को निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। इस काव्य संध्या में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्रियां अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को हंसाने के साथ ही भावनाओं के सागर में भी डुबकी लगवाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत करेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, मां सर्वमंगला मंदिर के प्रबंधक एवं पुजारी पं. नमन पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा तथा नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिला अध्यक्ष सोनू पांडेय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

देशभर के नामचीन रचनाकार बिखेरेंगे काव्य के रंग!

‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की आकर्षक थीम पर आयोजित इस कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की विविध विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। प्रयागराज के प्रसिद्ध हास्य कवि अखिलेश द्विवेदी अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर करेंगे। वहीं रायपुर के गीतकार मीर अली मीर अपनी मधुर गीतात्मक प्रस्तुतियों से काव्य संध्या में सुरों और शब्दों की मिठास घोलेंगे।

पश्चिम बंगाल से पधार रहे पवन बांके बिहारी हास्य काव्य की प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे, जबकि कटनी की कवयित्री प्रियंका मिश्रा श्रृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं का मन मोहेंगी। इसके अलावा कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ भी अपनी हास्य कविताओं से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे।

साहित्य, मनोरंजन और संवेदनाओं का होगा संगम!

यह आयोजन केवल हंसी-मजाक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कविता के माध्यम से समाज, जीवन, रिश्तों, प्रेम और समसामयिक विषयों को भी अभिव्यक्ति मिलेगी। कवियों की ओजपूर्ण, हास्यपूर्ण और भावनात्मक प्रस्तुतियां श्रोताओं को मनोरंजन के साथ विचारों की नई दिशा भी देंगी। आयोजकों का उद्देश्य साहित्य और काव्य की परंपरा को प्रोत्साहित करते हुए आमजन को कविता से जोड़ना है।

शाम 7 बजे से शुरू होगी काव्य संध्या?

अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन बुधवार, 18 नवंबर को शाम 7 बजे से निहारिका स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम, कोरबा में होगा। नगर के साहित्यप्रेमियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और आम नागरिकों से इस काव्य संध्या में शामिल होकर कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की गई है।

निश्चित रूप से कविता के विविध रंगों से सजी यह शाम कोरबा के सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजनों में एक यादगार अध्याय जोड़ने वाली होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed