बांकीमोंगरा में बड़ा हादसा होने का इंतजार, मुख्य चौक ऑटो स्टैंड के पास फैंसी स्टोर संचालक की मनमानी, ट्रांसफार्मर से सटाकर रखा सामान।
बांकीमोंगरा में बड़ा हादसा होने का इंतजार, मुख्य चौक ऑटो स्टैंड के पास फैंसी स्टोर संचालक की मनमानी, ट्रांसफार्मर से सटाकर रखा सामान।

छत्तीसगढ़ /कोरबा उपनगरीय क्षेत्र बांकीमोंगरा के मुख्य चौक स्थित ऑटो स्टैंड के पास इन दिनों एक बड़ी लापरवाही सामने आ रही है, जो कभी भी किसी बड़ी अनहोनी या दुर्घटना का कारण बन सकती है। यहाँ स्थित एक फैंसी स्टोर के संचालक द्वारा अपनी मनमानी करते हुए दुकान के सामान को बिजली के हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर से बिल्कुल सटाकर रखा जा रहा है।
इस गंभीर लापरवाही की वजह से यहाँ हर वक्त बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन इसके बावजूद न तो दुकानदार को अपनी जिम्मेदारी का अहसास है और न ही संबंधित विभाग इस ओर ध्यान दे रहा है।

कभी भी भड़क सकती है आग, सुरक्षा ताक पर।
गौरतलब है कि ऑटो स्टैंड का यह इलाका बेहद व्यस्त रहता है। यहाँ दिन भर यात्रियों, ऑटो चालकों और आम लोगों की भारी आवाजाही होती है। ऐसे में ट्रांसफार्मर के ठीक पास प्लास्टिक, सिंथेटिक और अन्य ज्वलनशील फैंसी सामानों को सटाकर रखना सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन है। यदि शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रांसफार्मर से एक भी चिंगारी निकलती है, तो पूरा सामान पल भर में आग की चपेट में आ जाएगा। इससे न सिर्फ दुकान को भारी नुकसान होगा, बल्कि आसपास के दुकानो और राहगीरों की जान पर भी बन आएगी।
प्रशासन और विभाग की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने इस पर गहरी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को इस पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। सघन और सार्वजनिक क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही को नजरअंदाज करना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा करता है।
अब देखना यह होगा कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक सुध लेते हैं और उक्त दुकानदार पर क्या कार्रवाई की जाती है।
