कुसमुंडा अहिरन नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।
कुसमुंडा अहिरन नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।
छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित अहिरन नदी में मंगलवार को दोपहर डूबे युवक का 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। नगर सेना की टीम और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
घटना मंगलवार, 12 मई 2026 की दोपहर लगभग 12 बजे की है। कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर निवासी निर्मल ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह अपने दोस्तों के साथ आईबीपी अहिरन नदी में नहाने गया था। जानकारी के अनुसार निखिल और उसके दोस्तों ने नदी के ऊंचे स्थान से पानी में छलांग लगाई।
बाकी दोस्त तो तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन निखिल गहरे पानी में समा गया और वापस ऊपर नहीं आया।
हादसे के तुरंत बाद दोस्तों ने परिजनों और कुसमुंडा पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोताखोरों की मदद ली। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर रात होने के कारण इसे रोकना पड़ा।
अगले सुबह यानी आज बुधवार से ही नगर सेना और गोताखोरों की टीम दोबारा रेस्क्यू में जुट गई है। नदी के गहरे क्षेत्रों और बहाव की दिशा में सघन खोजबीन की जा रही है।
निखिल के लापता होने की खबर से विकास नगर क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन नदी के किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द बेटे को ढूंढ निकालने की गुहार लगा रहे हैं। कुसमुंडा पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
खबर बनाये जाने तक नदी में लापता युवक का शव अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है।
