कुसमुंडा अहिरन नदी में डूबे युवक का शव 36 घंटे बाद खुद ब खुद पानी के ऊपर आया, आज होगा अंतिम संस्कार।
कुसमुंडा अहिरन नदी में डूबे युवक का शव 36 घंटे बाद खुद ब खुद पानी के ऊपर आया, आज होगा अंतिम संस्कार।

छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत आईबीपी अहिरन नदी में डूबे 24 वर्षीय युवक निखिल सिंह का शव अंततः मिल गया है। आश्चर्यजनक रूप से, गोताखोरों और SDRF की घंटों की मशक्कत के बाद भी जो शव नहीं मिल पाया था, वह बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे खुद ही पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया।
घटना बीते मंगलवार, 12 मई 2026 की है। कुसमुंडा विकास नगर निवासी निर्मल ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह अपने 3-4 दोस्तों के साथ आईबीपी अहिरन नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूब गया। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद कुसमुंडा पुलिस को सूचित किया गया।
दो दिनों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी अपनी टीम और स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे।
मंगलवार देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा।
बुधवार की सुबह से पुन गोताखोरों ने मोर्चा संभाला। दोपहर 12 बजे तक सफलता नहीं मिलने पर SDRF की टीम को बुलाया गया।
SDRF और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक नदी की खाक छानी, लेकिन निखिल का सुराग नहीं लगा। अंत में टीम ने गुरुवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की बात कहकर काम रोक दिया।
परिजनों की आंखों के सामने आया शव
जहाँ प्रशासन ने उम्मीद छोड़ दी थी, वहीं निखिल के गमगीन परिजन रात भर नदी किनारे इस आस में बैठे रहे कि शायद उनके लाड़ले का शरीर मिल जाए। बुधवार रात करीब 1 बजे, यानी घटना के लगभग 36 घंटे बाद, निखिल का शव अपने आप पानी के ऊपर आ गया। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे SECL अस्पताल की मर्चुरी में भिजवा दिया है। आज (गुरुवार) शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
