संतों के अपमान के खिलाफ आक्रोश: हरदी बाजार में डॉ. चरणदास महंत और भूपेश बघेल का पुतला दहन, पुलिस और बजरंगियों के बीच जमकर हुई झूमाझटकी।

राजेश सोनी संवाददाता दीपका:
छत्तीसगढ़/कोरबा संतों के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठनों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के हरदी बाजार अंतर्गत कॉलेज चौक पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
पुलिस से तीखी झड़प, फिर भी फूंक डाला पुतला।
प्रदर्शन के दौरान कॉलेज चौक पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद हरदी बाजार पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने और पुतले को अपने कब्जे में लेने का पूरा प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित बजरंगी पुलिस घेरे को तोड़ते हुए पुतला दहन करने में सफल रहे।
जिला संयोजक के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों बजरंगी
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने किया। आंदोलन में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में बजरंगी शामिल हुए।
बजरंग दल के नेताओं का कहना है कि सनातन संस्कृति और पूज्य संतों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजनेताओं को अपनी मर्यादा में रहकर बयानबाजी करनी चाहिए। संतों पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में आगे भी इस तरह का उग्र प्रदर्शन जारी रहेगा।
