रिटेल पंपों पर तेल वितरण में अनियमितता की शिकायत, पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
अजीत कुमार संवाददाता बांकीमोंगरा:
कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद, बांकीमोंगरा (वार्ड क्र. 13, कटाईनार-1) के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने जिलाधीश (कलेक्टर) कोरबा को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपकर रिटेल पेट्रोल पंपों पर हो रही अनियमितताओं की जांच करने की मांग की है। 11 जून 2026 को सौंपे गए इस पत्र में पार्षद ने आम जनता को हो रही तेल किल्लत और वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका जताई है।
आम जनता को नहीं मिल पा रहा पर्याप्त डीजल।
पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान स्थिति में डिपो से रिटेलर पंपों पर आने वाले आवक तेल (मुख्यतः डीजल/पेट्रोल) का लाभ आम जनता को नहीं मिल पा रहा है। रिटेल काउंटरों पर तेल की भारी किल्लत देखी जा रही है, जिससे आम नागरिक और वाहन चालक परेशान हैं।
उपभोक्ता पंप (कंज्यूमर पंप) धारकों द्वारा रिटेल पंप से तेल लेने की आशंका।
ज्ञापन में एक गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा गया है कि रिटेलर पंप के तेल की दरों और उपभोक्ता पंप (कंज्यूमर पंप) के तेल की दरों में काफी अंतर है। उपभोक्ता पंप की दर बहुत ज्यादा होने के कारण यह आशंका प्रबल है कि उपभोक्ता पंप के उपयोग कर्ता (कमर्शियल/औद्योगिक संस्थान) अपने महंगे कोटे के बजाय रिटेल पंपों से सस्ते दर पर डीजल ले रहे हैं।
चूंकि विभिन्न उपक्रमों और कमर्शियल कार्यों के लिए डीजल की दरें महंगी निर्धारित हैं और उन्हें उसी आधार पर भुगतान करना होता है, इसलिए दरों के इस अंतर का फायदा उठाने के लिए रिटेल पंपों के स्टॉक को डाइवर्ट किए जाने की आशंका है। इसी वजह से रिटेल पंपों पर आम लोगों को डीजल की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सुव्यवस्थित वितरण प्रणाली लागू करने की मांग।
पार्षद ने जिलाधीश महोदय से विनम्र निवेदन किया है कि डिपो से आने वाले आवक के अनुरूप रिटेल पंपों पर एक सुव्यवस्थित वितरण प्रणाली लागू की जाए, ताकि आम जनता को बिना किसी बाधा के तेल (डीजल-पेट्रोल) मिल सके और कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाई जा सके।
इन विभागों को भी भेजी गई प्रतिलिपि
मामले की गंभीरता को देखते हुए इस ज्ञापन की प्रतिलिपि निम्नलिखित जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्रियों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
हरदीप सिंह पुरी, केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री, भारत सरकार।
लखन लाल देवांगन, कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन।
प्रेमचंद पटेल, विधायक, कटघोरा
श्रीमती/श्रीमान जिला खाद्य अधिकारी, कोरबा
क्षेत्रीय प्रबंधक , (IOCL, BPCL, HPCL)।
अब देखना यह होगा कि इस संवेदनशील शिकायत के बाद जिला प्रशासन और खाद्य विभाग द्वारा रिटेल पंपों के स्टॉक और बिक्री की जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

