--:--

एचएमएस यूनियन की कोरबा जिला स्तरीय बैठक बांकीमोंगरा में सम्पन्न, केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष केदारनाथ अग्रवाल ने संगठन को मजबूत बनाने का किया आह्वान।

0
IMG-20260719-WA0001.jpg

अजीत कुमार संवाददाता बांकीमोंगरा;

छत्तीसगढ़/कोरबा (एचएमएस) यूनियन की कोरबा जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बांकीमोंगरा में सम्पन्न हुई। बैठक में कोरबा जिले के चारों कोयला क्षेत्रों—कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा एवं दीपका—से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन की मजबूती, श्रमिकों के हितों की रक्षा तथा भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एचएमएस के केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी केदारनाथ अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय सचिव एवं जेसीसी सदस्य गिरजा साहू, केंद्रीय प्रभारी विकास पाठक, कोरबा एरिया अध्यक्ष अजीत पाण्डेय, कोरबा एरिया महामंत्री सुरेन्द्र मिश्रा, बांकीमोंगरा अध्यक्ष भोला पटेल सहित कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा एवं दीपका एरिया के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में केदारनाथ अग्रवाल ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं तथा कोयला कर्मचारियों के अधिकारों, उनकी समस्याओं और समाजहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि एचएमएस हमेशा श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उनकी आवाज़ उठाती रहेगी।
बैठक के दौरान चारों कोयला क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं, श्रमिकों से जुड़े मुद्दों तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। साथ ही सदस्यता अभियान को गति देने, संगठन के विस्तार, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed