--:--

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलगीखार में युवा संगठन ‘दिया’ की डिवाइन वर्कशॉप, विद्यार्थियों ने लिया ‘नशा मुक्त भारत’ का संकल्प।

0
IMG-20260720-WA0004.jpg

छत्तीसगढ़/कोरबा। अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा संगठन “दिया” कोरबा के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलगीखार में विद्यार्थियों के लिए डिवाइन वर्कशॉप एवं “नशा मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, राष्ट्रभक्ति, आत्मानुशासन तथा व्यसनमुक्त जीवन के संस्कार विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कन्हैया लाल चौहान ने परम पूज्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन-दर्शन एवं प्रेरक विचारों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि “युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा चरित्रवान, संस्कारवान और नशामुक्त होंगे, तो भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग, स्वाध्याय, आत्मअनुशासन तथा सेवा भाव को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
दिया नारी जागरण प्रमुख सुश्री सविता साहू एवं आस्था साहू ने सकारात्मक चिंतन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास विषय पर प्रेरक कार्यशाला का संचालन किया। उन्होंने कहा कि “सकारात्मक सोच सफलता की पहली सीढ़ी है, जबकि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार और भविष्य—तीनों को नुकसान पहुंचाता है।” इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।
दिया जिला संयोजक श्री विजेंद्र यादव ने युवाओं को भारत की महान संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संस्कार, सेवा और चरित्र निर्माण ही एक सशक्त एवं विकसित भारत की आधारशिला हैं।
वहीं दिया जिला कोषाध्यक्ष जितेंद्र केवट ने विद्यार्थियों के बीच परम पूज्य गुरुदेव के प्रेरणादायी साहित्य का निःशुल्क वितरण किया तथा नियमित स्वाध्याय और सद्विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य स्नेहा शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं कमला साहू, संजय साहू, राजू केवर्त, नीतिमा देवांगन, अर्जुन नेताम, मालती केंवर, रेशुका साहू, विन गोपाल, रोमा श्रीवास एवं शुभम साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों द्वारा “नशा मुक्त भारत – संस्कारयुक्त भारत” के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ, जागरूक और संस्कारवान समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
प्रेरक संदेश
“युवा वही, जो स्वयं को बदलकर समाज को बदलने का साहस रखे।
नशे से नहीं, संस्कार से पहचान बनाइए।
चरित्र, संस्कृति और सेवा ही सच्ची सफलता की पहचान है।
आइए, मिलकर संकल्प लें—
स्वस्थ युवा – श्रेष्ठ राष्ट्र।
संस्कारवान युवा – विश्वगुरु भारत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed