जनहित के मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन, बांकीमोंगरा में सोमवारी बाजार तक रैली निकालकर किया विरोध प्रदर्शन।

छत्तीसगढ़/कोरबा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांकीमोंगरा मेन चौक से सोमवारी बाजार तक रैली निकालते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आमजन के बीच अपनी बात रखी।
रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं, नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, बढ़ती आत्महत्याओं, लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों तथा नकटी गांव के लोगों के साथ हो रहे कथित अन्याय जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने में असफल रही है। नेताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर इन जनहित के विषयों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसके तहत ब्लॉक स्तर पर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए तथा आम नागरिकों से जनहित के मुद्दों पर समर्थन की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रदर्शन को सफल बनाया।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभा तंवर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, प्रदीप अग्रवाल, परमानंद सिंह, सुनील पाण्डे, हेमंत साहनी, संदीप डहरिया, बजरंग दास, निक्कू कुकरेजा, लालू साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
