पीएम श्री सेजेस तिलकेजा में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली साइकिल, विधायक फूल सिंह राठिया ने किया वितरण।
गौतम कुमार संवाददाता उरगा:
कोरबा/तिलकेजा: छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत पीएम श्री सेजेस (SEJES) तिलकेजा में शुक्रवार को कक्षा नवमी की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया रहे, जिन्होंने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक राठिया ने कहा कि राज्य सरकार छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा, नियमित रूप से विद्यालय पहुंचना आसान होगा तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और अधिक बढ़ेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, मेहनत और लगन के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा सरस्वती साइकिल योजना के सफल संचालन के लिए शासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
