--:--

कटघोरा में अटल परिसर मूर्ति विवाद पर कांग्रेस का हल्लाबोल, बारिश में उग्र प्रदर्शन के बाद प्रशासन झुका; जांच और कार्रवाई का मिला लिखित आश्वासन।

0
IMG-20260807-WA0021.jpg

कोरबा/नगर पालिका कटघोरा में भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा एवं अटल परिसर निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता विकास सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मूसलाधार बारिश के बीच एसडीएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) मुद्रिका प्रसाद तिवारी को पद से हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

आंदोलन के बाद कटघोरा नायब तहसीलदार द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। पंचनामे के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को कांग्रेस पार्टी द्वारा अटल परिसर में स्थापित प्रतिमा के संबंध में धरना-प्रदर्शन किया गया, जिस पर जिला एवं संभागीय स्तर पर जांच दल गठित कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर पर नियमानुसार दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने का लिखित आश्वासन प्रशासन ने दिया।
लिखित आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस नेता विकास सिंह एवं आंदोलनकारियों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
कांग्रेस का आरोप है कि अटल परिसर में स्थापित प्रतिमा और निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि अंतिम जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed