--:--

खुशियां बदलीं मातम में, बांकीमोंगरा के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत।

0
IMG-20260519-WA0025.jpg

खुशियां बदलीं मातम में, बांकीमोंगरा के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत।

छत्तीसगढ़/कोरबा बेटी के जन्म की खुशियां मना रहे एक परिवार में उस वक्त मातम पसर गया, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने दो मोटरसाइकिल सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 5 घंटे तक चक्काजाम किया। प्रशासन की समझाइश और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।

सुबह मना रहे थे उत्सव, शाम को पसरा सन्नाटा।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश (बबलू) पिता शुकसिंह उम्र लगभग 26 वर्ष के घर में उसकी पुत्री का छठ्ठी कार्यक्रम था। सुबह पूरे परिवार और रिश्तेदारों ने बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ उत्सव मनाया था। मृतक बलदेव नेटी पिता नारायण नेटी उम्र लगभग 20 वर्ष बांका ( रजक्मा ) निवासी भी इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बांका से चाकाबुड़ा आया हुआ था। शाम करीब 7 बजे प्रकाश और बलदेव मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ घरेलू सामान लेने के लिए जवाली मार्ग पर गए थे। लौटते समय दीपका की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद फूटा गुस्सा, 5 घंटे तक रहा चक्काजाम।
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख दिया और चक्काजाम कर दिया।

स्थिति की संवेदनशीलता और लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। चक्काजाम के दौरान कोरबा एसडीओपी, दर्री सीएसपी समेत बांकीमोंगरा, दर्री, बालको, दीपका, कुसमुंडा, कटघोरा और पाली के थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे। साथ ही कटघोरा तहसीलदार, नायब तहसीलदार और स्थानीय पटवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

आश्वासन और सहायता राशि के बाद शांत हुआ मामला।
लगभग 5 घंटे की कड़ी मशक्कत और हंगामे के बाद, तहसीलदार व पुलिस प्रशासन द्वारा अज्ञात ट्रैक्टर चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया गया। साथ ही शासन की ओर से तहसीलदार द्वारा पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई। इसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और चक्काजाम समाप्त किया गया।

फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात ट्रैक्टर और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *