--:--

ब्रेकिंग न्यूज़: छुरी के सलोरा क्षेत्र में खेत में धान रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम।

0
IMG-20260725-WA0015.jpg

शत्रुहन पटेल कि रिपोर्ट;
छत्तीसगढ़/कोरबा कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरी स्थित सलोरा बकरा बाजार के समीप आज शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे तीन ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में लगभग 25 से 30 ग्रामीण धान रोपाई के कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली खेत की मेड़ पर आ गिरी। बिजली गिरते ही खेत में अफरा-तफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।
मृतकों की पहचान बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले एवं श्याम साहू, तीनों निवासी ग्राम छुरी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा तैयार किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एक साथ तीन ग्रामीणों की असमय मौत से छुरी सहित आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed